नारनौल में मिठाई की दुकानों व रेस्तरां पर छापेमारी, 20 सैंपल भरे

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में मिठाई की दुकानों व रेस्तरां पर छापेमारी, 20 सैंपल भरे


नारनौल, 04 नवंबर (हि.स.)। दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली के आदेशानुसार गठित कमेटी ने नारनौल शहर की विभिन्न मिठाई की दुकानों और रेस्तरां पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के कुल 20 सैंपल लेकर जांच के लिए एकत्रित किए।

निरीक्षण अभियान में तहसीलदार नारनौल लच्छीराम के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा और बीडीपीओ नारनौल श्यामलाल शामिल रहे। टीम ने शहर के पंजाबी, सूरजा, सोनू, बीकानेरवाला और सांवरिया रेस्टोरेंट के अलावा जोधपुरवाला स्वीट्स एंड रेस्तरां सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते हुए नमूने लिए गए।अधिकारियों ने बताया कि सभी 20 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों, दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग काफी बढ़ जाती है। इस दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से प्रदेशभर में विशेष निगरानी और नमूनाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना और बाजार में सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772113 Articles

Share this story