नारनाैल में हर पात्र नागरिक का वोट सुनिश्चित करने को प्रारंभिक सूची प्रकाशित

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में हर पात्र नागरिक का वोट सुनिश्चित करने को प्रारंभिक सूची प्रकाशित


30 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां, तीन अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

नारनाैल, 31 जुलाई (हि.स.)। लोकतंत्र को मजबूत और सहभागी बनाने की दिशा में महेंद्रगढ़ जिले की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारंभिक मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि यह सूची सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध है। कोई भी नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम देख सकता है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित बनाना है।

उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल छह लाख 85 हजार 653 मतदाता हैं। इनमें नारनौल विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 41 हजार 841, अटेली में एक लाख 91 हजार 736, महेंद्रगढ़ में एक लाख 98 हजार 194 तथा नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 53 हजार 882 मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 31 जुलाई से 30 अगस्त तक आमजन से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि जिनके नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में त्रुटि है, वे संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 30 अगस्त तक प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी संशोधनों को शामिल करते हुए तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने की अपील करते हुए कहा कि समय रहते अपने नाम की जांच अवश्य करें। मतदाता ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से भी घर बैठे अपना नाम देख सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं। किसी भी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1950, संबंधित बीएलओ या जिला निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story