नारनौल के होटल में पुलिस की रेड, होटल संचालक हिरासत में
नारनौल, 21 नवंबर (हि.स.)। शहर के बायपास रोड स्थित होटल फ्रेंड्स में शुक्रवार रात पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में बैठे 15 लोग शराब का सेवन करते मिले। पुलिस सभी लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। होटल संचालक को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बायपास रोड स्थित होटल फ्रेंड्स में कुछ लोग बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने शुक्रवार रात होटल में दबिश दी। पुलिस की टीम को अचानक मौके पर देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई।
इसके बाद पुलिस ने होटल में जांच शुरू की। इस दौरान वहां बैठे 15 लोग शराब का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने सभी लोगों को अपने साथ ले जाकर पूछताछ शुरू की। टीम ने होटल में चल रही अन्य गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक रघुनाथपुर निवासी राकेश को भी अपने साथ लिया। पुलिस ने होटल से संबंधित दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की। कार्रवाई की सूचना मिलने पर होटल के आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि होटल में शराब के सेवन की अनुमति और संबंधित नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। साथ ही होटल संचालक की भूमिका और मौके पर मिले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

