नारनाैल: पुलिस के पहरे में मंगलमुखी प्रधान का हुआ अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: पुलिस के पहरे में मंगलमुखी प्रधान का हुआ अंतिम संस्कार


नारनाैल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी का गुरुवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। विनोद सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद स्वजन आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हुए थे। बुधवार देर रात पुलिस अधिकारियों और विधायक ओमप्रकाश यादव के आश्वासन के बाद स्वजन शव लेने को राजी हुए थे।

जानकारी के अनुसार, विनोद सैनी की किन्नर डेरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बुधवार सुबह पुलिस डेरे में पहुंची तो शव को पंखे से उतारा जा चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। हालांकि, स्वजन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया था। बुधवार देर रात शहर पुलिस थाने में पुलिस अधिकारियों और विधायक ओमप्रकाश यादव ने स्वजन को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद वे शव लेने के लिए तैयार हो गए। रात अधिक होने के कारण अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह करने का निर्णय लिया गया।

गुरुवार सुबह स्वजन नागरिक अस्पताल से शव लेकर नेताजी सुभाष स्टेडियम के पास स्थित श्मशान भूमि पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। विनोद सैनी के स्वजन ने भिवानी की बुलबुल किन्नर और उसके समर्थकों पर विनोद को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में लगातार पुलिस थानों में शिकायतें भी दी जा रही थीं। स्वजन ने आरोप लगाया कि बुलबुल किन्नर का भिवानी, रेवाड़ी, मानेसर, गुरुग्राम और झज्जर क्षेत्र में प्रभाव है। उन्होंने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story