नारनौल में मुठभेड़ के बाद सात आरोपी काबू,फायरिंग में दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में मुठभेड़ के बाद सात आरोपी काबू,फायरिंग में दो घायल


सात आरोपी गिरफ्तार, सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी

नारनाैल, 22 मई (हि.स.)। जिले में गुरूवार रात को सीआईए नारनौल और पादरी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो इनामी बदमाश भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, वाहन और वारदात में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पादरी गुलेल गैंग के सदस्य महेंद्रगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआईए नारनौल की टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। घायल आरोपियों को तुरंत नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

मौके से पांच अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा गुलेलें, सरिया और वायर कटर भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वारदातों में किया जाना था। पुलिस का कहना है कि गैंग के सदस्य पहले भी लूट, रंगदारी, फायरिंग और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी हैं। इनमें से एक आरोपी पर 15 हजार रुपये और दूसरे पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक ने संयुक्त टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें विशेष रूप से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story