नारनौल में पीएम सूर्य घर योजना के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी चैक वितरित
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बोलीं—सोलर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनेगा हरियाणा, बिजली खर्च होगा शून्य
नारनौल, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अटेली क्षेत्र के नौ लाभार्थियों को ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत कुल चार लाख 50 हजार रुपये की सब्सिडी के चैक वितरित किए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सोलर सब्सिडी योजना का उद्देश्य केवल सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि मध्यम व गरीब वर्ग के परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से लाभार्थियों के घरों में सोलर पैनल लगने से उनका मासिक बिजली बिल लगभग शून्य हो जाएगा, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा। इसके साथ ही यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ने से प्रदूषण में कमी आएगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
आरती सिंह राव ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें प्रेरित किया कि वे सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आसपास के लोगों को भी सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जब आमजन स्वयं आगे आकर इस तरह की योजनाओं का हिस्सा बनेंगे, तभी प्रदेश में व्यापक स्तर पर बदलाव संभव होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे और सभी को समान अवसर मिले।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

