नारनाैल: पीएचसी स्वीकृति से खुश ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: पीएचसी स्वीकृति से खुश ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार


गांवों के पास मिलेगी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा, महिलाओं-बुजुर्गों को बड़ी राहत

नारनाैल, 31 मार्च (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले की खातोदड़ा और पाली ग्राम पंचायतों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्वीकृत होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर दोनों ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने रेवाड़ी स्थित रामपुरा हाउस पहुंचकर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से शिष्टाचार भेंट की और उनका आभार व्यक्त किया।

ग्राम खातोदड़ा के सरपंच कृष्ण और पाली के सरपंच देशराज सहित प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बताया कि लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण पीएचसी की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और हजारों लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा। अब ग्रामीणों को छोटे-छोटे उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि गांव के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पीएचसी की स्थापना से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अक्सर इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि स्वीकृत पीएचसी को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story