नारनाैल में रक्षाबंधन पर उमड़ा उत्साह, बाजारों व मंदिरों में रही रौनक

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में रक्षाबंधन पर उमड़ा उत्साह, बाजारों व मंदिरों में रही रौनक


बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, बाजारों में दिखी खूब चहल-पहल

नारनाैल, 28 अगस्त (हि.स.)। नारनौल में रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। पर्व को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

रक्षाबंधन के चलते मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने भाइयों और बहनों के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई दुकानदारों ने दुकानों के बाहर अस्थायी टेंट लगाकर अतिरिक्त व्यवस्था की। प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। बहनें भाइयों के घर पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में निकलीं, जिससे कई स्थानों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

सरकार की ओर से महिलाओं और उनके 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का असर भी दिखाई दिया। रोडवेज बसों में यात्रियों की भारी भीड़ रही और अधिकांश बसें क्षमता से अधिक यात्रियों के साथ संचालित हुईं। निजी बसों में भी यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ रही। बस स्टैंड पर दिनभर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही बनी रही।

मोडावाला मंदिर में लगा मेला:

रक्षाबंधन और सावन के अंतिम दिन शहर के प्रसिद्ध मोडावाला मंदिर में पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। मेले में महेंद्रगढ़ शहर के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कुश्ती दंगल भी हुआ। बच्चों के लिए लगाए गए विभिन्न प्रकार के झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story