नारनाैल में बेकाबू ट्रैक्टर ने बुजुर्ग को कुचला, मौत

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में बेकाबू ट्रैक्टर ने बुजुर्ग को कुचला, मौत


नारनाैल, 16 नवंबर (हि.स.)। कनीना सदर थाना क्षेत्र के गांव पड़तल बस स्टैंड पर रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से सीमेंट की बेंच पर बैठे बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कनीना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव पड़तल निवासी 56 वर्षीय रामकुंवार के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, जयभगवान अपने चाचा रामकुंवार और भाई राजेंद्र के साथ सामान लेने के लिए पड़तल बस स्टैंड गया था। जयभगवान और उसका भाई बस स्टैंड पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, जबकि रामकुंवार प्रजापति मिष्ठान भंडार के सामने रखी सीमेंट की बेंच पर चाय पीने के लिए बैठ गए।

शिकायत में बताया गया कि इसी दौरान भोजावास की तरफ से तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर आया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रैक्टर ने सीमेंट की बेंच में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बेंच पर बैठे रामकुंवार गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ने अपना नाम प्रवीन निवासी रामबास बताया। हादसे के बाद वह ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

परिजन रामकुंवार को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। पुलिस ने जयभगवान की शिकायत पर चालक प्रवीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story