नारनाैल: ऑनलाइन टास्क के नाम पर 7.15 लाख की ठगी, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: ऑनलाइन टास्क के नाम पर 7.15 लाख की ठगी, जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार


नारनाैल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौल साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन टास्क के नाम पर महेंद्रगढ़ जिले के अटेली मंडी निवासी एक व्यक्ति से सात लाख 15 हजार रुपये की ठगी के मामले में जोधपुर से नवीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से पांच लाख रुपये सीधे आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे। आरोप है कि नवीन ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। पुलिस ने उसे 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 28 मई 2025 को उसके व्हाट्सएप पर घर बैठे काम करके प्रतिदिन दो से आठ हजार रुपये कमाने का ऑफर आया था। शुरुआत में उसे छोटे-छोटे टास्क दिए गए और उनके बदले कुछ रकम भेजी गई। इससे उसे विश्वास हो गया।

इसके बाद उसे टेलीग्राम के माध्यम से अधिक कमाई का लालच देकर रुपये जमा करवाने के लिए कहा गया। शुरुआत में कुछ रकम लौटाकर उसका भरोसा जीता गया। फिर उससे 15 हजार रुपये जमा करवाए गए। बाद में और रुपये जमा करने का दबाव बनाया गया और रकम वापस नहीं मिलने की बात कही गई। शिकायतकर्ता से पहले 50 हजार रुपये और जमा करवाए गए। इसके बाद टास्क गलत होने और रकम फंसने का बहाना बनाकर डेढ़ लाख रुपये तथा फिर पांच लाख रुपये जमा करवाए गए। इस तरह उससे कुल सात लाख 15 हजार रुपये ठग लिए गए।

जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो पैसे फ्रीज होने का बहाना बनाकर उससे साढ़े चार लाख रुपये और मांगे गए। इसके बाद संबंधित टेलीग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया गया। ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर 12 सितंबर 2025 को साइबर थाना नारनौल में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में नवीन की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story