नारनौल से बिना ट्रेन बदले अब सीधे रोहतक पहुंचेंगे यात्री

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल से बिना ट्रेन बदले अब सीधे रोहतक पहुंचेंगे यात्री


नारनाैल, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने मदार-रेवाड़ी-मदार स्पेशल रेलसेवा का अस्थायी रूप से रोहतक तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के तहत दक्षिण हरियाणा के यात्रियों को पहली बार इस अवधि में बिना ट्रेन बदले सीधे रोहतक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। रेलवे के इस फैसले से नारनौल, निजामपुर, अटेली, कुंड और रेवाड़ी क्षेत्र के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा मरीजों को विशेष राहत मिलेगी।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09639 मदार-रोहतक स्पेशल प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे मदार से रवाना होगी। ट्रेन किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, निजामपुर, नारनौल, अटेली और कुंड होते हुए सुबह 10:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। यहां 20 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 10:50 बजे रवाना होकर गोकलगढ़, पाल्हावास, झज्जर और अस्थल बोहर स्टेशन से गुजरते हुए दोपहर 12:50 बजे रोहतक पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09640 रोहतक-मदार स्पेशल प्रतिदिन दोपहर 1:20 बजे रोहतक से रवाना होगी। यह झज्जर, पाल्हावास और गोकलगढ़ के रास्ते दोपहर 3:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, नीमकाथाना, रींगस, फुलेरा और किशनगढ़ होते हुए रात 10:35 बजे मदार पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यह विस्तारित सेवा केवल तीन जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित होगी। इसके बाद 16 जुलाई से 31 जुलाई तक ट्रेन पहले की तरह केवल मदार-रेवाड़ी-मदार के बीच ही चलेगी। रेलवे का मानना है कि इस अवधि में झज्जर और रोहतक के लिए दक्षिण हरियाणा का रेल संपर्क और अधिक सुविधाजनक होगा तथा यात्रियों का समय भी बचेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story