नारनौल में पहले बेची जमीन दोबारा बेचने पर महिला समेत दो नामजद
रजिस्ट्री पर उठे सवाल, पुलिस ने केस दर्ज किया
नारनाैल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौल शहर से लगते बेचिराग गांव लुतफपुर में पहले बेची जा चुकी जमीन को दोबारा बेचने के आरोप में पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
संयुक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय की शिकायत पर शहर नारनौल थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि संयुक्त सब रजिस्ट्रार नारनौल कार्यालय में मोहन लाल और सूबे सिंह ने 22 सितंबर 2026 को शिकायत दी थी।
शिकायत के अनुसार गांव लुतफपुर निवासी आशा के नाम जमाबंदी वर्ष 2021-22 की खेवट नंबर 110 में कुल 55 कनाल 18 मरला जमीन थी। इसमें आशा का हिस्सा 1/5 यानी 11 कनाल तीन मरला था।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि आशा अपने हिस्से की अधिकांश जमीन पहले ही अलग-अलग लोगों को बेच चुकी थी।
इसके लिए 27 दिसंबर 2018 को वसीका नंबर 4630 के माध्यम से जमीन की बिक्री की गई थी। बिक्री के बाद करीब 16 गज जमीन ही बची थी। हालांकि खरीदारों के नाम इंतकाल दर्ज नहीं हुआ था।
आरोप है कि खरीदारों के नाम इंतकाल दर्ज नहीं होने का फायदा उठाकर आशा ने 14 सितंबर 2026 को वसीका नंबर 1867 के जरिए वही जमीन दोबारा ऋतू कुमारी को बेच दी। शिकायत मिलने पर संयुक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय ने जांच की। इसके बाद 14 सितंबर की रजिस्ट्री के आधार पर दर्ज इंतकाल नंबर 2328 को रद्द कर दिया गया।
कार्यालय ने पुलिस को भेजे पत्र में आरोप लगाया कि गलत तथ्यों और धोखाधड़ी की नीयत से रजिस्ट्री कराई गई। पत्र में विक्रेता आशा, खरीदार ऋतू कुमारी और रजिस्ट्री के गवाहों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने पत्र की जांच के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

