नारनौल में पेट्रोल-डीजल व उर्वरकों की कमी नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान : कैप्टन मनोज कुमार
एजेंसियों को पारदर्शिता के निर्देश, पुलिस ने भेदभाव न करने की दी चेतावनी
नारनाैल, 30 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिला सभागार में पेट्रोलियम पदार्थों और उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिला महेंद्रगढ़ में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और फर्टिलाइजर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
उपायुक्त ने साेमवार काे कहा कि कुछ समय पहले कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण तरीके से समस्याएं उत्पन्न करने की कोशिश की गई थी, जिससे आम जनता में संशय की स्थिति बन गई थी। हालांकि प्रशासन की सख्ती और त्वरित कार्रवाई के बाद अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं। उन्होंने सभी वितरकों और एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे अपने व्यवसाय को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संचालित करें। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने भी एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वितरण के दौरान किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की स्थिति बिगड़ने की आशंका हो तो तुरंत संबंधित थाना प्रभारी को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने आम जनता से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना की पुष्टि केवल जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों से ही करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

