नारनाैल: कुलपति टंकेश्वर कुमार को नेशनल वेल-बीइंग लीडरशिप अवार्ड से नवाजा

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: कुलपति टंकेश्वर कुमार को नेशनल वेल-बीइंग लीडरशिप अवार्ड से नवाजा


विश्वविद्यालय की डीन और छात्रा भी सम्मानित

नारनाैल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार को मानसिक स्वास्थ्य, विद्यार्थी कल्याण और सुरक्षित एवं समावेशी शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में योगदान के लिए नेशनल वेल-बीइंग लीडरशिप अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं वेल-बीइंग लीडरशिप अवार्ड समारोह में उन्हें संस्थान प्रमुख श्रेणी के अंतर्गत यह सम्मान प्रदान किया गया।

बुधवार को कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। इससे परिसर में सुरक्षित, संवेदनशील और समावेशी शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा।

समारोह में विश्वविद्यालय की डीन, स्कूल ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज, प्रो. पायल चंदेल को ‘वेल-बीइंग मेंटर चैंपियन’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। वहीं, विश्वविद्यालय की छात्रा मंजू फोगाट को ‘स्टूडेंट वेल-बीइंग एंबेसडर’ श्रेणी में सम्मान मिला।

इन सम्मानों के माध्यम से संस्थागत नेतृत्व, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और विद्यार्थी-केंद्रित कल्याणकारी पहलों में योगदान को मान्यता दी गई। विश्वविद्यालय के तीन सदस्यों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान मिलने से संस्थान में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य विषय विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में बाल संरक्षण और मानसिक स्वास्थ्य सुरक्षा की नई समझ विकसित करना था। सम्मेलन में शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। ये सम्मान इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मान्यता देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768316 Articles

Share this story