नारनौल मंडी में सरसों की आवक तेज, सरकारी खरीद से पहले 6600 रुपये तक मिल रहा भाव

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल मंडी में सरसों की आवक तेज, सरकारी खरीद से पहले 6600 रुपये तक मिल रहा भाव


व्यापारियों ने शुरू की खरीद, किसान संतुष्ट, मंडी में अटल कैंटीन और हेल्प डेस्क की सुविधा

नारनाैल, 26 मार्च (हि.स.)। नारनौल की अनाज मंडी में सरसों की आवक शुरू हो चुकी है। हालांकि अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय व्यापारियों ने अपने स्तर पर खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। वर्तमान में किसानों को सरसों का भाव करीब 6600 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है, जिससे किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

मार्केट कमेटी नारनौल के सचिव नूकूल यादव ने गुरूवार को बताया कि मंडी में सरसों की खरीद के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में अटल कैंटीन की व्यवस्था की गई है, जहां किसानों को सस्ते दरों पर भोजन, चाय और पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा किसानों की सहायता के लिए एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां वे अपनी फसल से संबंधित जानकारी, पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि महेंद्रगढ़ जिले में सरसों की खरीद को लेकर बड़ी संख्या में किसानों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। अब तक करीब 62 हजार किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है, जबकि लगभग दो लाख 52 हजार हेक्टेयर भूमि का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सरकार द्वारा खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी, मंडी में व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ कर दी जाएंगी। वहीं किसानों का कहना है कि फिलहाल वे अपनी फसल सीधे व्यापारियों को बेच रहे हैं, क्योंकि मंडी में भाव संतोषजनक मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकारी खरीद शुरू होने के बाद भाव में और सुधार हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story