महेंद्रगढ़ में कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, मलबे में दबकर वेल्डर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, मलबे में दबकर वेल्डर की मौत


स्टेट हाईवे के पास हादसा, दो घंटे बाद मलबे से निकाला गया शव

नारनाैल, 20 अगस्त (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में स्टेट हाईवे-148बी पर महिला कॉलेज के पास गुरुवार को कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से एक वेल्डर की मौत हो गई। हादसे में 51 वर्षीय विजयपाल मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद विजयपाल को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार विजयपाल महेंद्रगढ़-नारनौल रोड स्थित अपने प्लाट में कुई की खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भारी मात्रा में मिट्टी भरभराकर नीचे आ गिरी। मिट्टी के साथ आसपास का मलबा भी धंस गया, जिससे विजयपाल उसमें दब गए। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। टीम ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए मलबा हटाया और विजयपाल को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने विजयपाल की जांच की। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। बताया गया है कि विजयपाल पेशे से वेल्डर थे और सतनाली मोड़ के पास गैस एजेंसी के निकट रहते थे। उनके दो बच्चे हैं और दोनों शादीशुदा हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story