महेंद्रगढ़ में ट्राले की टक्कर से बाइक सवार की मौत

WhatsApp Channel Join Now


नारनाैल, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव रिवासा फ्लाईओवर के पास ट्राले की टक्कर से घायल गांव सिसोठ निवासी 53 वर्षीय रामौतार की इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने शनिवार शाम दम तोड़ दिया। रविवार को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार गांव सिसोठ निवासी रामौतार एक नवंबर को दोपहर के समय बाइक से रिवासा फ्लाईओवर के पास अपने बेटे अशोक की दुकान पर जा रहे थे। अशोक की फ्लाईओवर के नजदीक टायर पंचर की दुकान है। जब रामौतार फ्लाईओवर पार करके कनीना की तरफ जाने वाले यू-टर्न पर पहुंचे तो इसी दौरान एक ट्राले के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक मोड़ दिया।

इस दौरान ट्राले की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगने से रामौतार बाइक समेत ट्राले के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत से उन्हें ट्राले के नीचे से बाहर निकाला और उपचार के लिए महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उनका लगातार उपचार करवा रहे थे। करीब एक सप्ताह बाद शनिवार शाम उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे के बाद परिजनों की शिकायत के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। अब रामौतार की मौत के बाद पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। हादसे से गांव सिसोठ में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774155 Articles

Share this story