नारनौल में दाे बच्चों की मां लापता, पति कओ किसी युवक के साथ जाने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में दाे बच्चों की मां लापता, पति कओ किसी युवक के साथ जाने की आशंका


जेवरात और दो लाख रुपये ले जाने का आरोप

नारनाैल, 25 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से 24 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। महिला के पति ने शुक्रवार काे पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसकी पत्नी 22 और 23 सितंबर की रात बिना बताए घर से चली गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग सका। पति ने उसके साथ घर के जेवरात और करीब दो लाख रुपये ले जाने की बात भी शिकायत में कही है।

गांव बास की ढाणी निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। वह नसीबपुर स्थित एक विभाग में नौकरी करता है। शिकायत के अनुसार 22 और 23 सितंबर की रात महिला घर में मौजूद थी, लेकिन सुबह जब परिजनों ने उसे घर में नहीं पाया तो उसकी तलाश शुरू की गई। परिजनों ने महिला के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी ली, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पति ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि महिला घर से जाते समय अपने साथ जेवरात और करीब दो लाख रुपये भी ले गई है।

पुलिस को दी शिकायत में पति ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी लहरोदा निवासी प्रतीक नामक युवक के साथ कहीं गई है। हालांकि महिला के लापता होने के वास्तविक कारणों और उसके वर्तमान ठिकाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सदर थाना नारनौल में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम महिला की तलाश में संभावित स्थानों पर जानकारी जुटा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ करने के साथ महिला के बारे में सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story