महेंद्रगढ़ में 45 एकड़ जमीन पर बनेगी आधुनिक अनाज मंडी, नौ करोड़ मंजूर

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में 45 एकड़ जमीन पर बनेगी आधुनिक अनाज मंडी, नौ करोड़ मंजूर


नारनाैल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़ की पुरानी अनाज मंडी की जगह अब नई आधुनिक अनाज मंडी बनाई जाएगी। इसके लिए 45 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। मंडी के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने नौ करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। जरूरत पड़ने पर निर्माण बजट में और बढ़ोतरी की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि आगामी सीजन तक नई मंडी बनकर तैयार हो जाए।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा शुक्रवार देर शाम सतनाली, कनीना और महेंद्रगढ़ अनाज मंडी का औचक दौरा कर बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए नई मंडी के निर्माण की जानकारी दी।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने भावांतर भरपाई योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यदि बाजरे की फसल निजी बाजार में 2300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिकती है तो सरकार 600 रुपये तक के अंतर की भरपाई करेगी। पिछली बार भी किसानों को बाजरे पर 575 रुपये प्रति क्विंटल भावांतर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस सीजन में सरकारी खरीद प्रक्रिया समाप्त होने के बाद खरीद का रिकॉर्ड मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा। इसके बाद योजना के पात्र किसानों के बैंक खातों में भावांतर की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story