नारनौल के कनीना में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, 10 करोड़ 67 लाख की परियोजना को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल के कनीना में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड, 10 करोड़ 67 लाख की परियोजना को मंजूरी


दशकों पुरानी मांग पूरी, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

नारनाैल, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात देते हुए छह-बे के आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 10 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत आएगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह बस स्टैंड क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब सरकार ने पूरा करने का निर्णय लिया है।

मंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कनीना में बनने वाला यह नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सेवाएं मिलेंगी। प्रस्तावित बस स्टैंड में यात्रियों के लिए विशाल और सुसज्जित प्रतीक्षालय बनाया जाएगा, जहां बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होगी। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, आधुनिक टिकट काउंटर तथा डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

यात्रियों की सुविधा और बसों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड में छह अलग-अलग प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिससे बसों के आगमन और प्रस्थान में कोई अव्यवस्था न हो। इससे प्रबंधन भी बेहतर होगा और यात्रियों को समय पर बसें मिल सकेंगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके। साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बन सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story