नारनाैल: तीन दिन से लापता व्यक्ति का कुएं में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: तीन दिन से लापता व्यक्ति का कुएं में मिला शव


घर के पास कुएं से दुर्गंध आने पर परिजनों को हुआ शक, पुलिस ने शव निकाला

नारनाैल, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव खैराना में मंगलवार को घर के पास स्थित एक कुएं से तीन दिन से लापता 54 वर्षीय मुकेश का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुएं से दुर्गंध आने के बाद परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुएं की जांच कराई।

पुलिस के अनुसार, गांव खैराना निवासी मुकेश पिछले करीब तीन दिनों से लापता था। परिजनों की शिकायत पर उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को घर के नजदीक स्थित कुएं से दुर्गंध आने पर परिवार के सदस्यों ने आसपास जांच की। कुएं में शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मशीनरी की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

परिजनों ने बताया कि मुकेश पिछले करीब पांच वर्षों से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। वह नियमित रूप से दवाइयां भी लेता था। परिजनों के अनुसार, जिस कुएं से उसका शव बरामद हुआ, वह घर के बिल्कुल पास स्थित है। परिवार में मुकेश का एक ही बेटा है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीन दिन से लापता मुकेश कुएं तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story