नारनौलः बैठक में अनुपस्थित डीडीपीओ पर गिरी मंत्री की गाज,निलंबन की सिफारिश

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः बैठक में अनुपस्थित डीडीपीओ पर गिरी मंत्री की गाज,निलंबन की सिफारिश


नारनाैल, 09 जून (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को नारनौल में अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान कार्यों में कोताही और बैठक में समय पर उपस्थित न होने पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। उन्होंने उपायुक्त को डीडीपीओ प्रमोद कुमार के निलंबन की सिफारिश करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। बैठक सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर शुरू हुई, लेकिन डीडीपीओ प्रमोद कुमार समय पर नहीं पहुंचे। इसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की।

पत्रकारों से बातचीत में आरती सिंह राव ने कहा कि बैठक का नोटिस कई दिन पहले जारी किया गया था। बैठक में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विधायक मौजूद थे, लेकिन संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं विकास विभाग से जुड़े साढ़े सात करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की समीक्षा की जानी थी, जिसके लिए डीडीपीओ की मौजूदगी आवश्यक थी।

मंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में हुए विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं और अधूरे कामों की प्रगति की जानकारी लेने के लिए बैठक आयोजित की गई थी। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारी का अनुपस्थित रहना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण मरीजों को कुछ परेशानी हो रही है, जिसे दूर करने के लिए जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story