नारनौलः विंग कमांडर बाबूलाल को सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
मिर्जापुर बाछौद में नम आंखों से दी श्रद्धांजलि, हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान हुआ निधन
नारनाैल, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव मिर्जापुर बाछौद निवासी विंग कमांडर बाबूलाल का अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य व राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। मुखाग्नि उनके पुत्र डॉ नितिन ने दी।
विंग कमांडर बाबूलाल वर्ष 1996 से बीआरओ (बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन) की 110 आरसीसी यूनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शनिवार को वे कार से राजौरी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुंछ.राजौरी क्षेत्र में उनकी कार की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बाबूलाल ने अपने सेवा काल में देश के कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने दो वर्षों तक भूटान में भी अपनी सेवाएं देकर देश का नाम रोशन किया। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। लोग उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सादगी को याद कर भावुक नजर आए।
अंतिम संस्कार के दौरान नारनौल से उप निरीक्षक विजयपाल के नेतृत्व में पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम ने मातमी धुन बजाकर उन्हें शोक सलामी दी। इसके साथ ही राउंड फायर कर वीर सैनिक को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई। जिला सैनिक बोर्ड नारनौल के प्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार में उनकी पत्नी, पुत्र डॉ नितिन और बेटी डॉ एकता हैं। उनके तीन भाइयों में स्वर्गीय राम सिंह भी सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस मौके पर अटेली की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रेणुलता, सरपंच संजय कुमार, दिलबाग सिंह, वीरेंद्र प्रधान सहित आसपास के गांवों के गणमान्य लोग, पूर्व सैनिक और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

