नारनाैल: मदार-रोहतक एक्सप्रेस का समय बदलने की मांग, रेलवे को सौंपा ज्ञापन
नारनाैल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ ने मदार-रोहतक एक्सप्रेस (09639/09640) की समय-सारणी में बदलाव करने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के सदस्यों ने गुरुवार को नारनौल रेलवे स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संघ ने ट्रेन को नारनौल से सुबह 8:30 बजे रवाना करने और रेवाड़ी सुबह 9:30 बजे तक पहुंचाने का सुझाव दिया है।
संघ का कहना है कि समय-सारणी में बदलाव होने से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना रेल से सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, वर्तमान समय-सारणी के कारण सुबह के समय ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम रहती है। यदि ट्रेन का समय यात्रियों की जरूरत के अनुरूप किया जाता है, तो नारनौल, अटेली और आसपास के क्षेत्रों के अधिक लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। इससे ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ रेलवे की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।
संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने बताया कि संगठन इस मांग को आठ जनवरी 2025 से लगातार उठा रहा है। इस संबंध में अजमेर और जयपुर मंडल के रेल अधिकारियों को भी ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुबह के समय सुविधाजनक रेल सेवा बेहद जरूरी है। समय-सारणी में व्यावहारिक बदलाव होने से मौजूदा रेल सेवा का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा और यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
संघ की ओर से मंडल रेल प्रबंधक, अजमेर मंडल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसकी प्रतिलिपियां जयपुर और अजमेर मंडल के संबंधित वरिष्ठ रेल अधिकारियों को भी भेजी गई हैं। संघ ने रेलवे अधिकारियों से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मांग पर सकारात्मक विचार करने की अपील की है।
इस दौरान संजय शर्मा पटीकरा, एडवोकेट अमन जैन, शिवकुमार सहित संघ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

