महेंद्रगढ़ में सफाई कर्मचारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

न्यूनतम वेतन 26 हजार करने समेत 17 मांगों पर बनी सहमति लागू कराने की मांगनारनौल, 22 अगस्त (हि.स.)। लंबित मांगों को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम विधायक कंवर सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी पहले यादव धर्मशाला में एकत्रित हुए, इसके बाद विरोध प्रदर्शन करते हुए विधायक आवास पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। यहां कर्मचारियों ने विधायक कंवर सिंह यादव को मांग पत्र सौंपकर लंबित मांगों को जल्द पूरा कराने की मांग की।

इस दौरान एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान मास्टर सूबे सिंह भी मौजूद रहे। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान पवन कुमार वाल्मीकि ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी प्रमुख मांगों का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से सभी सफाई कर्मचारियों के लिए नीति बनाकर उन्हें पक्का कर्मचारी घोषित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जाता, तब तक उन्हें न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को सफाई कार्य के लिए स्वचालित वाहन उपलब्ध कराने, जनवरी 2026 से 2100 रुपये की वेतन बढ़ोतरी जारी करने की मांग भी की गई।

कर्मचारियों ने 29 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच 17 मांगों पर बनी सहमति को भी जल्द लागू करने की मांग की। इसके साथ ही सरपंचों द्वारा कथित तौर पर नाजायज तरीके से हटाए गए सफाई कर्मचारियों को दोबारा बहाल करने की मांग उठाई गई।

विधायक कंवर सिंह यादव ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और लंबित मांगों को जल्द पूरा कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान महेंद्रगढ़, सतनाली और कनीना क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story