नारनौल में दस दवा दुकानों के लाइसेंस निलंबित
71 मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, गांवों में नशा मुक्ति अभियान तेज करने के निर्देश
नारनौल, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों की गंभीर अवहेलना और विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर 10 दवा दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान एवं नार्कोड की समीक्षा बैठक में दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सरकार युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए लगातार व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री भी समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दे रहे हैं। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नशा मुक्त भारत अभियान को गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच भाषण, पोस्टर, रंगोली, नाट्य मंचन तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को प्रत्येक गांव में नशा रोकथाम कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। इस माैके पर एसडीएम अनिरुद्ध यादव, जेल अधीक्षक संजय बांगड़, डीए गुलदेव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

