नारनाैल: प्रधानमंत्री ने किया मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: प्रधानमंत्री ने किया मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती


स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बोलीं- दक्षिण हरियाणा के लाखों मरीजों को मिलेगा लाभ

नारनाैल, 17 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से नारनौल शहर के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल का लोकार्पण किया। जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी माैजूद रहे। वहीं, स्थानीय स्तर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कॉलेज परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई, जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि करीब 76 एकड़ में फैले आधुनिक मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रथम चरण में 600 बेड की क्षमता के साथ आईपीडी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। साथ ही अत्याधुनिक आपातकालीन एवं दुर्घटना चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के पूरी तरह संचालित होने के बाद महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर उपचार के लिए जयपुर, रोहतक या दिल्ली का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही मिल सकेंगी।

आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जींद-सोनीपत रेल मार्ग पर देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन शुरू होने को भी ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदूषण कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि सड़कों के सुदृढ़ीकरण, रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह, मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बृजेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story