नारनौलः नसीबपुर शहीद स्मारक बनेगा अहीरवाल की वीरता का प्रतीकः आरती सिंह राव
स्मारक युवाओं में राष्ट्रभक्ति और बलिदान की भावना करेगा मजबूत
नारनाैल, 22 मई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि नारनौल के नसीबपुर में बनने वाला भव्य शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा स्मारक निर्माण को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि यह परियोजना अहीरवाल के गौरवशाली इतिहास को नई पहचान देगी।
शुक्रवार को जारी बयान में आरती सिंह राव ने कहा कि अहीरवाल की धरती वीरता, राष्ट्रभक्ति और बलिदान के लिए पूरे देश में जानी जाती है। यहां के वीर जवानों ने देश की आजादी और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं। प्रदेश सरकार अब उनके सम्मान और इतिहास को संरक्षित करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बैठक में नसीबपुर में बनने वाले शहीद स्मारक की ड्राफ्टिंग और डिजाइन का विस्तार से अवलोकन किया गया। बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने को लेकर चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्मारक को आधुनिक और भव्य स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि करीब 42 कनाल 10 मरला भूमि में बनने वाला यह स्मारक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। परिसर में 500 से 600 लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो, छह भव्य गैलरी, ऑडिटोरियम, एडमिन ब्लॉक और विशाल तिरंगा स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मारक परिसर में ग्रीनरी, स्वच्छता, पार्किंग और तालाब के जीर्णोद्धार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। तालाब के पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अलग से एसटीपी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह स्थल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। आरती सिंह राव ने कहा कि नसीबपुर का यह शहीद स्मारक केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि अहीरवाल की आन-बान-शान और देशभक्ति का जीवंत प्रतीक होगा। यह स्मारक युवाओं में राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा तथा पूरे देश के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

