नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने एलएसई लंदन में पेश किया शोध

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने एलएसई लंदन में पेश किया शोध


अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अखिलेश मीणा और प्रीति ने प्रस्तुत किए अपने शोधपत्र

नारनाैल, 24 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के शोधार्थियों ने पहली बार लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई), लंदन में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। अर्थशास्त्र विभाग के पीएचडी शोधार्थी अखिलेश मीणा तथा विभाग की पूर्व एमए अर्थशास्त्र विद्यार्थी प्रीति ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता करते हुए अपने शोध प्रस्तुत किए।

गुरुवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने दोनों शोधकर्ताओं और उनके शोध पर्यवेक्षक को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर विश्वविद्यालय के युवा शोधकर्ताओं की सहभागिता यहां विकसित हो रही शोध संस्कृति और अकादमिक उत्कृष्टता को दर्शाती है। कुलपति ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां शोधार्थियों को वैश्विक प्रासंगिकता वाले गंभीर, नवोन्मेषी और नीति-उन्मुख शोध के लिए प्रेरित करती हैं। महिला नेतृत्व, सुशासन और सतत विकास जैसे समकालीन विषयों पर केंद्रित शोध भारत के साथ-साथ वैश्विक अकादमिक विमर्श के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंचों पर सहभागिता से शोधार्थियों को दुनियाभर के विद्वानों के साथ संवाद करने और अपने शोध कार्य को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। इससे शोधार्थियों को अपने अध्ययन और निष्कर्षों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के अकादमिक विचार-विमर्श को समझने में भी मदद मिलती है। प्रो. कुमार ने कहा कि प्रतिष्ठित अकादमिक मंच पर शोधार्थियों की सहभागिता विभाग की गुणवत्तापूर्ण शोध, अंतर्विषयक दृष्टिकोण और साक्ष्य-आधारित नीति विश्लेषण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है। विश्वविद्यालय के अनुसार, यह उपलब्धि विद्यार्थियों और शोधार्थियों को वैश्विक अकादमिक समुदाय के साथ संवाद करने तथा अपने शोध कार्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story