नारनौल में प्रशासन का दावा, एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में प्रशासन का दावा, एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी


अवकाश के बावजूद होगी होम डिलीवरी

नारनाैल, 22 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने रविवार को जिलावासियों को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को लगातार सिलेंडरों की डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन आपूर्ति व्यवस्था पर पैनी नजर रखे हुए है और जो भी असामाजिक तत्व चोरी-छिपे गैस की कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए सिलेंडर भी जब्त किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में किसी भी गैस एजेंसी पर भीड़ की स्थिति नहीं है क्योंकि होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू रूप से चालू है। विशेष रूप से, कल सोमवार को गैस एजेंसियों का नियमित अवकाश होने के बावजूद जनता की सुविधा के लिए होम डिलीवरी सेवा जारी रहेगी। व्यावसायिक सिलेंडरों के संदर्भ में उन्होंने बताया कि शादियों और सरकारी कार्यों के लिए मांग अनुसार आपूर्ति प्राप्त हुई है और संबंधित आवेदकों को इस बारे में सूचित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को बिना किसी असुविधा के समय पर रसोई गैस प्राप्त हो सके। सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एजेंसी संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करें और होम डिलीवरी में किसी भी प्रकार की देरी न होने दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story