नारनौल में फिर दिखा तेंदुआ, नंबरदार ने मोबाइल में कैद किया

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में फिर दिखा तेंदुआ, नंबरदार ने मोबाइल में कैद किया


मुकंदपुरा की पहाड़ियों के पास रास्ता पार करता दिखाई दिया तेंदुआ, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

नारनाैल, 20 अगस्त (हि.स.)। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। गुरुवार सुबह गांव मुकंदपुरा की पहाड़ियों के पास एक बार फिर तेंदुआ दिखाई दिया। गांव के नंबरदार राजेंद्र यादव ने तेंदुए को रास्ता पार करते हुए देखा और उसकी तस्वीर अपने मोबाइल फोन में कैद कर ली। तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में चर्चा शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार राजेंद्र नंबरदार गुरुवार सुबह ट्रैक्टर लेकर अपने खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुकंदपुरा की पहाड़ियों की तरफ जाने वाले रास्ते पर उन्हें एक तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक तेंदुआ सामने आने पर उन्होंने ट्रैक्टर रोक दिया। इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन निकालकर रास्ता पार करते हुए तेंदुए की तस्वीर खींच ली। तेंदुए के वहां से निकल जाने के बाद राजेंद्र ने इसकी जानकारी गांव के सरपंच अमित यादव को दी। साथ ही तेंदुए की तस्वीर गांव और आसपास के ग्रामीणों के विभिन्न ग्रुपों में साझा की। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने और तेंदुए से बचाव के लिए सावधानी बरतने का संदेश भी दिया।

गांव के सरपंच अमित यादव ने बताया कि गुरुवार सुबह मुकंदपुरा की पहाड़ियों की ओर जाते हुए तेंदुआ राजेंद्र नंबरदार को दिखाई दिया है। उन्होंने इसकी सूचना प्रशासन को दे दी है। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे पहाड़ी और सुनसान क्षेत्रों में अकेले जाने से बचें तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने का प्रयास न करें। गौरतलब है कि नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई बार तेंदुआ दिखाई दे चुका है। नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव दताल में भी तेंदुआ नजर आया था। इसके अलावा शहर से सटे ढाणी किरारोद अफगान गांव में भी ग्रामीण कई बार तेंदुआ देख चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story