नारनौल में वकीलों ने रखा वर्क सस्पेंड, लगातार दूसरे दिन अदालती कामकाज ठप
नारनाैल, 25 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में बुधवार को बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा। इसके चलते वकीलों ने सामान्य अदालती कामकाज का बहिष्कार किया। अदालतों में सुनवाई के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मामलों में सुनवाई नहीं हो सकी और पक्षकारों को अगली तारीख लेकर लौटना पड़ा। इससे पहले मंगलवार को अवकाश रहने के कारण बुधवार को लगातार दूसरे दिन अदालती कामकाज प्रभावित रहा।
बार एसोसिएशन नारनौल के प्रधान एडवोकेट विजयपाल ने बताया कि बार के पूर्व प्रधान मंजीत यादव और सचिव के कार्यकाल के दौरान बार में एक प्रस्ताव पारित किया गया था। इस प्रस्ताव को एक व्यक्ति ने चुनौती दी है। इससे संबंधित मामला फिलहाल पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
विजयपाल के अनुसार बार में पारित किया गया प्रस्ताव किसी एक व्यक्ति के निजी हित से जुड़ा नहीं था, बल्कि यह बार के सभी सदस्यों के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया था। ऐसे में प्रस्ताव को लेकर व्यक्तिगत तौर पर केस दायर किया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले में बार के पूर्व प्रधान और सचिव की मदद के लिए वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है।
इसी के तहत बुधवार को बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने सामान्य अदालती कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया। प्रधान ने बताया कि वर्क सस्पेंड के दौरान केवल विशेष मामलों में ही वकील अदालत में पेश होंगे। सामान्य मामलों में वकील सुनवाई में शामिल नहीं होंगे। इसके चलते बुधवार को जिन मामलों की सुनवाई निर्धारित थी, उनमें पक्षकारों को अगली तारीख दे दी गई। हालांकि विशेष मामलों में वकीलों की मौजूदगी रही। बार के इस निर्णय से कोर्ट का सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

