महेंद्रगढ़ कॉलेज की चार छात्राएं टॉप-10 में, कोमल विश्वविद्यालय में प्रथम

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ कॉलेज की चार छात्राएं टॉप-10 में, कोमल विश्वविद्यालय में प्रथम


नारनाैल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ की एमए हिंदी की छात्रा कोमल ने विश्वविद्यालय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय सेमेस्टर में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही महाविद्यालय की तीन अन्य छात्राओं ने भी विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में जगह बनाकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

मंगलवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

प्राचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में महाविद्यालय की कुल चार छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया है। इनमें कोमल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रेनू छठे, साक्षी आठवें और लक्ष्मी दसवें स्थान पर रहीं। हिंदी विभाग की छात्राओं ने अपनी मेहनत, निरंतर अध्ययन और लगन के बल पर विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

प्रोफेसर विजय यादव ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. सोमवीर सिवाच ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कोमल को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. पविता यादव, डॉ. अनीता यादव, डॉ. अमिता कुमारी, डॉ. विकास गुप्ता सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story