महेंद्रगढ़ में गोल्ड लोन कर्मचारी की मौत, अपहरण व हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में गोल्ड लोन कर्मचारी की मौत, अपहरण व हत्या का आरोप


बुचावास रेलवे स्टेशन के पास मिला शव, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

नारनाैल, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले में गुरूवार को एक गोल्ड लोन बैंक कर्मचारी की परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 34 वर्षीय दिनेश का शव बुचावास रेलवे स्टेशन के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने दिनेश के अपहरण के बाद बेरहमी से मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार गांव गुढा निवासी दिनेश, महेंद्रगढ़ स्थित एक गोल्ड लोन बैंक में कार्यरत था। उसकी बहन नीतू कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अप्रैल की सुबह दिनेश रोजाना की तरह काम पर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों का आरोप है कि कुछ अज्ञात लोगों ने दिनेश का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसका शव बुचावास रेलवे स्टेशन के पास एक स्कूटी के साथ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने नीतू कुमारी की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story