नारनौल के सोमेश खेलो इंडिया में शूटिंग निदेशक बने

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल के सोमेश खेलो इंडिया में शूटिंग निदेशक बने


छत्तीसगढ़ में होने वाले जनजातीय खेलों के लिए 25 सदस्यीय टीम में अकेले हरियाणा से मिली जिम्मेदारी

नारनाैल, 28 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के नारनौल निवासी तीरंदाज सोमेश ने एक बार फिर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के तत्वावधान में तथा भारतीय तीरंदाजी संघ के सौजन्य से रायपुर में 30 मार्च से तीन अप्रैल तक आयोजित होने वाले खेलो इंडिया जनजातीय खेलों के लिए उन्हें शूटिंग निदेशक नियुक्त किया गया है।

इन खेलों के संचालन के लिए जारी 25 सदस्यीय सूची में हरियाणा से केवल सोमेश को ही यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस नियुक्ति से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

परिजनों ने शनिवार को उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे पूरे जिले और हरियाणा के लिए गर्व का क्षण बताया। उनका कहना है कि खेलो इंडिया जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शूटिंग निदेशक के रूप में चयन होना सोमेश की मेहनत और लगन का परिणाम है।

सोमेश मूल रूप से नारनौल के मोहल्ला जमालपुर के रहने वाले हैं और तीरंदाजी के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने न केवल एक खिलाड़ी के रूप में बल्कि आयोजक और प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। इससे पहले भी वे कई राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में सोमेश अपनी तीरंदाजी अकादमी के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे उभरते खिलाड़ियों को निखारने के साथ उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story