नारनाैल में जेएलएन नहर से बरामद हुए दो मोर्टार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर 20 फुट गहरे दबाए
नारनाैल, 17 जून (हि.स.)। जिले के गांव झगड़ोली के समीप जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) नहर की सफाई के दौरान दो मोर्टार मिलने से बुधवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नहर की सफाई कर रहे कर्मचारियों ने जैसे ही संदिग्ध वस्तुएं देखीं, इसकी सूचना तुरंत सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी । सूचना मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग द्वारा जेएलएन नहर की नियमित सफाई का कार्य कराया जा रहा है। सफाई अभियान के दौरान गांव झगड़ोली के पास कार्यरत कर्मचारियों को नहर में मोर्टार जैसे विस्फोटक दिखाई दिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित किया।
सूचना मिलने पर सदर थाना महेंद्रगढ़ के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं रेवाड़ी से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने सावधानीपूर्वक जांच की तो वहां से मोर्टार के दो राउंड बरामद हुए। दोनों मोर्टार काफी पुराने बताए जा रहे हैं और उन पर जंग भी लगी हुई थी।
बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मोर्टार को निष्क्रिय किया। इसके बाद बुल्डोजर की सहायता से 15 से 20 फुट गहरा गड्ढा खोदकर उन्हें जमीन में दबा दिया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रखा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोर्टार नहर में कैसे पहुंचे और उनका स्रोत क्या है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

