नारनाैल: पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू


ऑनलाइन भी कर सकेंगे सत्यापन

नारनाैल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला खजाना कार्यालय और उप-खजाना कार्यालयों से पेंशन लेने वाले पेंशनभोगियों के वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू होगी। पेंशनरों की सुविधा और कार्यालयों में भीड़ कम करने के लिए नाम के पहले अक्षर के अनुसार तिथियां निर्धारित की गई हैं। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी।

जिला कोषाधिकारी सतीश कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि पेंशनर निर्धारित तिथियों पर ही कार्यालय पहुंचकर अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाएं। बैंक के माध्यम से पेंशन लेने वाले पेंशनर संबंधित बैंक शाखा में प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं।

ए, बी, सी, डी और ई अक्षर से नाम शुरू होने वाले पेंशनर दाे से छह नवंबर तक प्रमाण पत्र जमा करवा सकेंगे। एफ, जी, एच, आई, जे और के अक्षर वालों के लिए 10 से 13 नवंबर, एल, एम, एन, ओ, पी और क्यू अक्षर वालों के लिए 16 से 20 नवंबर तथा आर, एस, टी, यू, वी, डब्ल्यू, एक्स, वाई और जेड अक्षर वालों के लिए 23 से 27 नवंबर की तिथियां तय की गई हैं। निर्धारित तिथि पर नहीं पहुंचने वाले पेंशनर 30 नवंबर को प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं।

कार्यालय में आने वाले पेंशनरों को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), आधार कार्ड और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। पारिवारिक पेंशनर को पुनर्विवाह नहीं करने का प्रमाण पत्र देना होगा। आश्रित बच्चों के लिए परिवार पहचान पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय प्रमाण पत्र अनिवार्य है।

पेंशनर कॉमन सर्विस सेंटर और अटल सेवा केंद्रों पर भी जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। अस्वस्थ या चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधि से घर बैठे डिजिटल प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। स्मार्टफोन से आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण फेस ऐप के जरिए भी यह सुविधा उपलब्ध है। जिला कोषाधिकारी ने बताया कि सभी शनिवार, रविवार तथा नाै और 24 नवंबर को कार्यालय बंद रहेंगे। पेंशनर इन दिनों कार्यालय आने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story