नारनाैल: आईटीआई गई 18 वर्षीय युवती लापता, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: आईटीआई गई 18 वर्षीय युवती लापता, मामला दर्ज


नारनाैल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव भोजावास से 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती घर से भोजावास स्थित आईटीआई जाने की बात कहकर निकली थी।

इसके बाद उसने शाम को सहेली के घर आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में जाने की बात कही थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि भोजावास निवासी युवती के पिता ने सदर कनीना थाना पुलिस को शिकायत देकर बेटी को तलाशने की गुहार लगाई है। शिकायत के अनुसार, युवती 27 अक्टूबर की सुबह आईटीआई जाने के लिए घर से निकली थी। उसने परिजनों को बताया था कि शाम को वह अपनी सहेली के घर आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में भी जाएगी।

जब युवती अगले दिन सुबह तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की।

इसके बाद आईटीआई जाकर भी उसके बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद पिता ने पुलिस को शिकायत दी।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि खैराणी गांव का कोई युवक उसकी बेटी को किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखे हुए हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायत के आधार पर सदर कनीना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर की प्रतियां संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक साहिल को सौंपी गई है। पुलिस युवती का पता लगाने के लिए मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story