नारनाैल: योग मैराथन में दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आईटीआई मैदान से स्टेडियम तक निकली मैराथन
विधायक ओम प्रकाश यादव ने दिखाई सहभागिता
नारनाैल, 15 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को आईटीआई मैदान से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक योग मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, जबकि उपायुक्त अनुपमा अंजली भी विशेष रूप से माैजूद रहीं।
‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग, खेल विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में इस मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में भारी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में ‘करो योग-रहो निरोग’ जैसे संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जयवीर धनखड़, करण सिंह और करण कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए युवाओं और बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर डॉ. कृष्ण आर्य ने हरियाणवी गीत के माध्यम से योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक दीपक तथा एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस और योग के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, उपाध्यक्ष वासुदेव यादव, पूर्व चेयरमैन जेपी सैनी, सुरेश चौधरी, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शशिबाला सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (लड़के) में नांगल सोडा के मोनू प्रथम, बलाना के अंकित द्वितीय तथा गावड़ी जाट के सचिन तृतीय रहे। 21 वर्ष से कम आयु वर्ग में महेंद्रगढ़ के केशव ने प्रथम, बारडा के गौरव ने द्वितीय और कांवी के मोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लड़कियों के 21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में गुंजन प्रथम, जागृति द्वितीय तथा दिव्या तृतीय रहीं। वहीं 21 वर्ष से कम आयु वर्ग में बलाना की पूनम प्रथम, कांवी की कोमल द्वितीय और गुवानी की ईशानी तृतीय स्थान पर रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

