नारनाैल: संसाधनों के अभाव में प्रतिभाओं को नहीं रुकना चाहिए: एसपी दीपक कुमार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: संसाधनों के अभाव में प्रतिभाओं को नहीं रुकना चाहिए: एसपी दीपक कुमार


नारनाैल, 25 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के सामने शुक्रवार को सर्व कल्याण मंच की ओर से युवाओं के लिए निशुल्क पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। पुस्तकालय में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न शैक्षणिक तैयारियों के लिए अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार मुख्य अतिथि तथा हकेंवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार और एसडीएम योगेश सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि कई बार शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों की कमी के कारण प्रतिभाशाली युवाओं को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पातीं। ऐसे में उनकी प्रतिभा प्रभावित होती है। निशुल्क पुस्तकालय से युवाओं को अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे और उन्हें अपने सपनों को साकार करने में मदद मिलेगी। एसपी ने कम्युनिटी पुलिसिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इसके लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इससे जुड़ने और घटनाओं, नशा तस्करी तथा अन्य अपराधों से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस की ओर से तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में जनता के सहयोग को जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी रोकथाम की जा सकती है। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि पुस्तकालय का लाभ आसपास के बच्चों के साथ विश्वविद्यालय के उन विद्यार्थियों को भी मिलेगा, जो बाहर बैठकर पढ़ाई करते हैं। इस दौरान सर्व कल्याण मंच ने कुलपति के समक्ष विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम का नाम शहीद हुक्मचंद के नाम पर रखने, महापुरुषों के नाम पर चौकों का नामकरण करने, विश्वविद्यालय के सामने वाले चौक का नाम रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर रखने तथा मुख्य गेट पर विश्वविद्यालय के साथ जांट-पाली लिखने की मांग रखी। कुलपति ने इन मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story