नारनाैल: किसानों पर नाजायज शर्तें थोप रही भाजपा सरकार: राव नरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: किसानों पर नाजायज शर्तें थोप रही भाजपा सरकार: राव नरेंद्र सिंह


समर्थन मूल्य नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

नारनाैल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को नारनौल अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा बेचने पहुंचे किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर बाजरा खरीद के नाम पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों पर नाजायज शर्तें थोप रही है, जिससे उन्हें अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2900 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, लेकिन किसानों की ओर से खरीद के दौरान 2100 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार भुगतान नहीं मिल रहा है तो यह उनके साथ अन्याय है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करता है। इसके बाद जब वह अपनी उपज बेचने के लिए मंडी पहुंचता है तो उसे सरकारी शर्तों और खरीद व्यवस्था की जटिलताओं से जूझना पड़ता है। किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार से बाजरा खरीद प्रक्रिया को सरल बनाने और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिलना चाहिए और सरकारी खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजवती, राव होशियार सिंह, सूरज बोहरा, ब्लॉक अध्यक्ष मनपाल यादव, सुमेर प्रधान, दलीप चेयरमैन, सुमेर चेयरमैन, सुमेर सरपंच, विनोद सरपंच, जयपाल सरपंच और रमेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story