नारनाैल: अवैध जल सीवरेज कनेक्शन मुफ्त में होंगे नियमित, अभियान जारी
पांचों शहरों में अभियान के तहत अब तक 2226 कनेक्शन वैध किए
नारनाैल, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले के पांचों शहरों के नागरिकों के लिए जल एवं सीवरेज कनेक्शन स्वीकृति अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नागरिक अपने अवैध एवं अनाधिकृत जल और सीवरेज कनेक्शनों को बिना किसी कनेक्शन शुल्क के वैध एवं नियमित करवा सकते हैं। विभाग ने लोगों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
अधीक्षक अभियंता एसपी जोशी ने सोमवार को बताया कि अभियान के तहत अब तक किए गए सर्वे में अटेली शहर में 82 जल और 145 सीवरेज, कनीना में 68 जल और 202 सीवरेज, महेंद्रगढ़ में 96 जल और 312 सीवरेज, नांगल चौधरी में 279 जल और 623 सीवरेज तथा नारनौल में 158 जल और 261 सीवरेज कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। इस प्रकार अब तक कुल 2226 कनेक्शन नियमित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नागरिक केवल जल कनेक्शन, केवल सीवरेज कनेक्शन अथवा दोनों कनेक्शन स्वीकृत करवा सकते हैं। इन कनेक्शनों की बिलिंग विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार की जाएगी। आवेदन फार्म विभागीय टीम के पास और संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध हैं।
अधीक्षक अभियंता ने बताया कि अभियान के दौरान नागरिकों से फाइल या कनेक्शन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा मीटर लगाने और रोड कटिंग का शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नागरिकों के लिए अवैध कनेक्शनों को नियमित कराने का विशेष अवसर है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद पाए जाने वाले सभी अवैध एवं अनाधिकृत कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके बाद नया कनेक्शन निर्धारित पेनल्टी और लागू शुल्क जमा कराने के बाद ही स्वीकृत होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

