नारनौल में अवैध खनन पर सख्ती, 238 वाहन जब्त, 60 मामलों में एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में अवैध खनन पर सख्ती, 238 वाहन जब्त, 60 मामलों में एफआईआर दर्ज


संयुक्त टीमों की दिन-रात कार्रवाई जारी, कई गांवों में अवैध रास्ते बंद कर जेसीबी भी जब्त

नारनाैल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।

जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बुधवार को आयोजित बैठक में खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त 238 वाहनों को जब्त किया जा चुका है, जबकि 60 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।

प्रशासन लगातार अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में जुटा है।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आंतरी, बिहारीपुर, जैनपुर, बायल, पांचनोता, गढ़ी, बसीरपुर और घाटासेर गांवों में अवैध खनन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रास्तों को जेसीबी मशीनों की सहायता से खाइयां खोदकर बंद कराया गया है। हाल ही में पांचनोता गांव में अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई है।

इसके अलावा बापड़ोली गांव के नदी क्षेत्र में साधारण रेत के अवैध उत्खनन का मामला सामने आने पर संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिकायत भेजी गई है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि जिले में पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए), वन विभाग, बिक्री कर विभाग, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा खनन विभाग की संयुक्त टीमें दिन और रात लगातार जांच अभियान चला रही हैं। इसका उद्देश्य अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है।

बैठक में एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, एसडीएम कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, आरटीए मनोज कुमार, डीएसपी कनीना डॉ. कविता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी माैजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story