नारनाैल: हिसार-जयपुर रोडवेज बस में कंडक्टर के बैग से मिला अवैध कट्टा, गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: हिसार-जयपुर रोडवेज बस में कंडक्टर के बैग से मिला अवैध कट्टा, गिरफ्तार


नारनाैल, 07 नवंबर (हि.स.)। हिसार से जयपुर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में शुक्रवार रात उस समय यात्रियों में हड़कंप मच गया, जब बस परिचालक के पास अवैध हथियार होने की जानकारी सामने आई। एक यात्री ने इसकी सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नारनौल पुलिस हरकत में आ गई और बस का पीछा कर उसे रुकवा लिया। तलाशी के दौरान परिचालक के बैग से अवैध कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात काे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि हिसार से जयपुर जा रही रोडवेज बस में एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नारनौल पुलिस की गाड़ियां तुरंत सक्रिय हो गईं। पुलिस टीम ने बस का पीछा करना शुरू किया और सिंघाना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास उसे रुकवा लिया। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने बस में मौजूद यात्रियों और संदिग्ध व्यक्ति की जांच शुरू की।

इसी दौरान बस परिचालक के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें एक अवैध कट्टा मिला। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने परिचालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई। पुलिस आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि परिचालक हिसार से अवैध हथियार लेकर चला था और इसे राजस्थान में किसी व्यक्ति को सप्लाई करने की आशंका है। हालांकि हथियार कहां से लाया गया था और किसे दिया जाना था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773798 Articles

Share this story