नारनौलः एलपीजी पर प्रशासन की सख्ती, छापेमारी में आठ अवैध सिलेंडर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः एलपीजी पर प्रशासन की सख्ती, छापेमारी में आठ अवैध सिलेंडर जब्त


घरेलू गैस के दुरुपयोग पर कार्रवाई तेज, आपूर्ति बनाए रखने को प्रशासन अलर्ट

नारनाैल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग लगातार सक्रिय बना हुआ है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने गुरुवार को कनीना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से आठ अवैध गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए।

इस रेड का नेतृत्व निरीक्षक ध्यान सिंह, निरीक्षक रमेश और उप निरीक्षक संदीप की संयुक्त टीम ने किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस तरह के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की यह मुहिम जिलेभर में लगातार जारी रहेगी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य घरेलू गैस के दुरुपयोग को जड़ से खत्म करना और आम उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना है। विभाग का मानना है कि गैस का गलत उपयोग आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करता है, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता।

सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि जिले में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार शाम तक जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास कुल 10 हजार 513 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था। बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए वितरण प्रक्रिया को भी तेज किया गया है। उन्होंने बताया कि पांच हजार 338 नई ऑनलाइन बुकिंग के मुकाबले पांच हजार 899 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी की गई। दिनभर की आपूर्ति के बाद जिले में चार हजार 614 सिलेंडरों का क्लोजिंग बैलेंस बचा है, जो व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने में सहायक है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति और मांग के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि जिले के किसी भी क्षेत्र में गैस की किल्लत न हो। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story