नारनौलः अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा, छह एकड़ में बना ढांचा ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा, छह एकड़ में बना ढांचा ध्वस्त


कनीना-कोसली रोड पर प्रशासन का एक्शन, रोड नेटवर्क उखाड़कर कॉलोनी पूरी तरह खत्म

नारनाैल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को कनीना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार नारनौल की टीम ने कनीना से कोसली रोड पर स्थित राजस्व संपदा मौजा कनीना में विकसित की जा रही करीब छह एकड़ भूमि की अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने न केवल अवैध निर्माणों को गिराया, बल्कि प्लॉटों की निशानदेही भी हटा दी। इसके साथ ही कॉलोनी में बनाए गए पूरे रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया गया, जिससे कॉलोनी का पूरा ढांचा समाप्त हो गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतेन्द्र कुमार और सहायक नगर योजनाकार की अगुवाई में की गई। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने बताया कि विभाग को लगातार अवैध कॉलोनियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना विभागीय अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में जमीन खरीदने या निर्माण करने से पहले विभाग से अनुमति अवश्य लें। अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है, क्योंकि ऐसे निर्माण कभी भी हटाए जा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story