नारनौल में छत से गिरकर होटल व्यवसायी की मौत
नारनाैल, 19 जून (हि.स.)। शहर के मोहल्ला जमालपुर निवासी 52 वर्षीय व्यवसायी जय सिंह की छत से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। गुरूवार शाम को हुए इस हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार जय सिंह होटल व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उनकी निजामपुर रोड पर कई दुकानें हैं। वर्तमान में वे शांति अस्पताल के पास बने अपने मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। गुरूवार शाम को वे घर की छत पर बने टॉयलेट में गए थे। टॉयलेट से बाहर निकलने के बाद उन्होंने सहारे के लिए छज्जे पर लगी लोहे की ग्रिल पकड़ी, लेकिन अचानक ग्रिल टूट गई। संतुलन बिगड़ने से वे सीधे छत से नीचे गिर गए।
गिरने के कारण जय सिंह को गंभीर चोटें आईं।
हादसे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतक के भाई नरेश कुमार और अनिल सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। नरेश कुमार दो बार वार्ड पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। जय सिंह अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार पहले भी एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है, क्योंकि उनके बेटे की करीब एक वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

