नारनाैल: हरियाणा के 16 अस्पतालों में शुरू होगी मुफ्त डायलिसिस: आरती सिंह राव
नारनाैल, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पहले से संचालित निःशुल्क डायलिसिस योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब कनीना सहित प्रदेश के 16 नए सब-डिवीजनल अस्पतालों में भी मुफ्त डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे किडनी रोगियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को अटेली विधानसभा क्षेत्र के धन्यवादी दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत बोचड़िया, हसनपुर और सलीमपुर में लगभग तीन करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में माता एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए मेदांता अस्पताल के साथ समझौता (एमओयू) किया गया है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी तथा मेदांता के विशेषज्ञ चिकित्सक समय-समय पर परामर्श देकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करेंगे।
आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बोचड़िया और हसनपुर ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अटेली विधानसभा का कोई भी गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा और प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बोचड़िया और हसनपुर में करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग, फिरनी, चौपाल, चारदीवारी, गेट, बीपीएल कॉलोनी की गलियां, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल लाइन तथा स्वागत द्वार सहित अनेक विकास कार्य पूरे किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

