नारनाैल में हिस्ट्रीशीटर ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां

WhatsApp Channel Join Now

कार के शीशे तोड़ने से शुरू हुआ विवाद, चाचा को चार गोलियां लगीं, हालत चिंताजनक

नारनाैल, 27 अगस्त (हि.स.)। निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव घाटाशेर में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि कार के शीशे तोड़ने के विवाद के बाद एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने घर से अवैध हथियार लाकर अतर सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में अतर सिंह को चार गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल अतर सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विकास (बब्लू) की कार में विकास (घाटा), सचिन और उसके दो साथियों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान विकास (घाटा) और उसके साथियों ने कार के शीशे तोड़ दिए। कार में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने पर विकास (बब्लू) का चाचा अतर सिंह नाराज होकर विकास (घाटा) के घर के सामने पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि वहां दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान आरोप है कि विकास (घाटा) अपने घर से अवैध हथियार लेकर बाहर आया और अतर सिंह पर फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से अतर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर डायल 112 और निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास (घाटा) के खिलाफ निजामपुर थाने में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story