महेंद्रगढ़ के बवानिया-डुलाना में स्वास्थ्य मंत्री ने 11-11 लाख रुपये की घोषणा की
इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने पर सरकार का जोर, ओलावृष्टि नुकसान पर गिरदावरी का आश्वासन
नारनाैल, 01 अप्रैल (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले के गांव बवानिया और डुलाना में बुधवार को आयोजित जनसभाओं में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने विकास कार्यों की कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने दोनों गांवों के विकास के लिए 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की। बवानिया में उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास तथा श्री कृष्णा धर्मशाला का उद्घाटन किया गया। वहीं डुलाना गांव में एसएफसी स्कीम के तहत बने बस क्यू शेल्टर का भी उद्घाटन किया गया। इस मौके पर नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद रहे। विधायक कंवर सिंह यादव ने डी-प्लान के तहत श्री कृष्णा धर्मशाला के लिए अतिरिक्त पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर है, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने नजदीक ही मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने भारतीय सेना के शहीद लांस नायक अशोक कुमार के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नुकसान की गिरदावरी करवाई जाएगी और पात्र किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव, सीएमओ डॉ अशोक कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम, जिला महामंत्री योगेश शास्त्री, चेयरमैन जयप्रकाश यादव, मार्केट कमेटी चेयरमैन भागीरथ सहित दोनों गांवों के सरपंच और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

